कोण्डागांव के धनोरा को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की बड़ी सौगात: 132.69 करोड़ के 49 विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास

2.50 करोड़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से 56 गांवों को मिलेगी राहत, ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ की लॉन्चिंग से 730 किसानों की उपज को मिलेगा बड़ा बाजार, बिहान की दीदियां संभालेंगी मार्केटिंग

कोण्डागांव/रायपुर, 23 नवंबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सोमवार को कोण्डागांव जिले के सुदूर वनांचल ग्राम धनोरा में 132 करोड़ 69 लाख 43 हजार रुपये की लागत के 49 विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण, भूमिपूजन एवं शिलान्यास कर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 2 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का लोकार्पण किया तथा वनांचल के किसानों की पारंपरिक उपज को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने के लिए ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ ब्रांड का शुभारंभ भी किया। प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने कोनगुड़ परगना के प्रमुख आराध्य पेन खण्डा मुदिया के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

धनोरा में 2.50 करोड़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से 56 हजार ग्रामीणों को सीधा लाभ दूरस्थ अंचलों में चिकित्सा सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में मुख्यमंत्री ने धनोरा में 2.50 करोड़ रुपये की लागत से बने नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन को जनता को समर्पित किया। इससे धनोरा सहित आसपास के 56 गांवों के लगभग 56 हजार ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर इलाज मिल सकेगा। अब तक ग्रामीणों को उपचार के लिए जिला मुख्यालय तक जाना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की परेशानी होती थी। नए केंद्र के शुरू होने से विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और आपातकालीन मरीजों को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो पाएगी।

‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ से 730 किसानों और बिहान की दीदियों को मिलेगी नई आर्थिक पहचान मुख्यमंत्री श्री साय ने वनांचल के किसानों की आय बढ़ाने के लिए ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ ब्रांड लॉन्च किया। इस पहल से ग्राम बेचा, किलम, कड़ेनार और मंदोड़ा के लगभग 730 किसानों द्वारा बिना रासायनिक खाद के पारंपरिक पद्धति से उगाए जाने वाले धान को संगठित बाजार मिलेगा:

  • बिचौलियों से मुक्ति और उचित दाम: जिला प्रशासन की पहल पर किसानों के धान का संग्रहण, प्रसंस्करण, ग्रेडिंग और आकर्षक पैकेजिंग कर बाजार में उतारा जाएगा। इससे बिचौलियों की भूमिका खत्म होगी और मूल्य संवर्धन (वैल्यू एडिशन) का सीधा लाभ किसानों को मिलेगा।
  • बिहान की दीदियां संभालेंगी कमान: छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के अंतर्गत ‘उड़ान प्रोड्यूसर महिला कृषक कंपनी’ को धान के संग्रहण, प्रसंस्करण, गुणवत्ता प्रबंधन, पैकेजिंग और विपणन की पूरी जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे स्व-सहायता समूह की महिलाओं को कृषि-आधारित उद्यमिता और स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

84 गांवों की आस्था के केंद्र ‘पेन खण्डा मुदिया’ के किए दर्शन, पारंपरिक साफा बांधकर हुआ स्वागत धनोरा पहुंचने पर आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मुख्यमंत्री के सिर पर साफा बांधकर उनका आत्मीय स्वागत किया। इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने बाजार पारा स्थित कोनगुड़ परगना के प्रमुख आराध्य पेन खण्डा मुदिया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उल्लेखनीय है कि पेन खण्डा मुदिया परगना के 84 गांवों की आस्था के प्रमुख केंद्र हैं और स्थानीय मान्यताओं में उन्हें ‘18 जिलों के राजा’ के रूप में पूजा जाता है। मरई परिवार इनके पारंपरिक सेवक हैं और क्षेत्र की बारा बानी बिरादरी के सदस्य इनकी सेवा-अर्जी में शामिल होते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर की समृद्ध संस्कृति और परंपराएं छत्तीसगढ़ की अनमोल धरोहर हैं, जिनका संरक्षण हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।

इस कार्यक्रम में वन मंत्री श्री केदार कश्यप, स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप, कांकेर सांसद श्री भोजराज नाग, बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी, केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम, बस्तर आईजी श्री बी.एन. मीणा, कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चन्द्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *