रायपुर: बारिश से प्रभावित रोमांचक मुकाबले में चिंगलेनसाना सिंह की अगुवाई वाली बैलाडिला बुल्स ने छत्तीसगढ़ हॉकी लीग (CHL) में अपनी पहली जीत दर्ज कर सेमीफाइनल की उम्मीदों को जिंदा रखा है। सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में बुल्स ने राजधानी रॉयल्स को 1-0 से मात दी। इस हार के साथ ही राजधानी रॉयल्स बिना कोई मुकाबला जीते टूर्नामेंट से बाहर हो गई है।
खराब मौसम और मैदान में जलभराव के चलते मैच करीब एक घंटे की देरी से शुरू हुआ। खेल शुरू होते ही बुल्स ने आक्रामक तेवर दिखाए। मैच के शुरुआती पलों में ही सर्कल के भीतर मिले मौके को भुनाते हुए राहुल यादव ने जोरदार मैदानी गोल दागकर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। पूरे 60 मिनट के खेल में दोनों टीमों की ओर से कई हमले हुए, लेकिन यही एकमात्र गोल निर्णायक साबित हुआ।
गीले टर्फ पर फिसली रॉयल्स की रणनीति
बारिश और गीले मैदान के कारण दोनों टीमों के खिलाड़ियों को गेंद पर नियंत्रण रखने और सटीक पास देने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बुल्स के गोपाल पैकरा ने एक और गोल दागा था, जिसे अंपायर ने अमान्य घोषित कर दिया। वहीं, जसकरण को मिले पेनल्टी कॉर्नर्स पर सही इंजेक्शन न मिलने से बुल्स बढ़त को दोगुना नहीं कर सकी।
दूसरी तरफ, पूरे टूर्नामेंट में संघर्ष कर रही राजधानी रॉयल्स के लिए यह मुकाबला भी निराशाजनक रहा। टीम को मिले पेनल्टी कॉर्नर मौकों को वे गोल में तब्दील करने में पूरी तरह नाकाम रहे, जो उनकी हार की मुख्य वजह बनी। मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए हिमांशु को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ और एकमात्र विजयी गोल दागने वाले राहुल यादव को ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ का खिताब दिया गया।
दूसरा मुकाबला: न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स 1-1 से ड्रॉ
दिन के पहले मुकाबले में न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स के बीच कड़ा मुकाबला 1-1 की बराबरी पर छूटा। पहले से सेमीफाइनल में जगह पक्की कर चुकी नाइट्स की ओर से दूसरे क्वार्टर के अंत में केतन ने रिबाउंड पर टूर्नामेंट का अपना छठा गोल दागकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई।
नाइट्स के मजबूत डिफेंस के सामने टाइटन्स तीन क्वार्टर तक संघर्ष करती रही। चौथे क्वार्टर में मैनपाट टाइटन्स ने फॉरवर्ड लाइन पर दबाव बढ़ाया, जिसका फायदा उठाते हुए मोहित नायक ने शानदार मैदानी गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इस मुकाबले में केतन को ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ तथा मोहित नायक को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
इस ड्रॉ के बाद मैनपाट टाइटन्स का सेमीफाइनल टिकट फिलहाल होल्ड पर है, जहां 29 अक्टूबर को संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के खिलाफ होने वाले मैच से उनकी किस्मत तय होगी।
