छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026: जनसंपर्क विभाग की फोटो प्रदर्शनी में दिखा 26 वर्षों का विकास, मनोरंजक रोबोट और डिजिटल ई-कॉर्नर बने आकर्षण का केंद्र

रायपुर: नवा रायपुर अटल नगर स्थित राज्योत्सव मेला मैदान में छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई गई भव्य विकास प्रदर्शनी पहले ही दिन से आम नागरिकों के आकर्षण का मुख्य केंद्र बनी हुई है। ‘नवनिर्माण के 26 वर्ष एवं विकास पथ पर अग्रसर छत्तीसगढ़’ की थीम पर सजी इस फोटो प्रदर्शनी में राज्य के बदलते स्वरूप, सुशासन, सांस्कृतिक धरोहर और औद्योगिक प्रगति को आधुनिक डिजिटल माध्यमों से जीवंत किया गया है।

प्रदर्शनी में दशकों तक नक्सल हिंसा से प्रभावित रहे बस्तर में शांति, सुरक्षा और विश्वास की बहाली को एलईडी स्क्रीन और तस्वीरों के माध्यम से विशेष रूप से रेखांकित किया गया है। प्रदर्शनी स्थल पर आने वाले नागरिकों को ‘छत्तीसगढ़ जनमन’ पत्रिका और शासन की प्रमुख योजनाओं की ब्रोशर सामग्री का निःशुल्क वितरण भी किया जा रहा है।

चलित मनोरंजक रोबोट और डिजिटल क्विज ने बच्चों-युवाओं को लुभाया

जनसंपर्क विभाग के पैवेलियन में आदिवासी पारंपरिक वेशभूषा की झलक समेटे चलित रोबोट बच्चों और युवाओं के बीच खासा लोकप्रिय रहा। बच्चे रोबोट से हाथ मिलाने और उसके साथ तस्वीरें खिंचवाने के लिए उत्साहित दिखे।

इसके साथ ही स्थापित डिजिटल ई-कॉर्नर में छत्तीसगढ़ के भूगोल, इतिहास और संस्कृति पर आधारित इंटरएक्टिव सामान्य ज्ञान (क्विज) का आयोजन किया जा रहा है। प्रदर्शनी देखने पहुंचीं रायपुर निवासी रीतिका साहू ने बताया कि डिजिटल स्क्रीन और क्विज के जरिए उनके सात वर्षीय बेटे वीरांश को राज्य की संस्कृति और विशेषताओं को खेल-खेल में सीखने का मौका मिला। वहीं राजिम और रायपुर से आए दर्शकों ने नवीनतम तकनीक के जरिए जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने की इस पहल को सराहा।

सुशासन से समृद्धि: डिजिटल सेवाओं और औद्योगिक निवेश का दिखा खाका

प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ सरकार की प्रशासनिक और तकनीकी उपलब्धियों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है:

  • सेवा सेतु और ई-गवर्नेंस: सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से 942 सरकारी सेवाएं सिंगल क्लिक पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। वहीं छत्तीसगढ़ लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत 740 से अधिक सेवाओं को कानूनी अधिकार बनाया गया है।
  • सुशासन तिहार: अभियान के जरिए 50 लाख से अधिक लंबित आवेदनों का त्वरित निराकरण।
  • हाई-टेक और इंडस्ट्रियल बूम: नवा रायपुर में देश का अत्याधुनिक एआई डेटा सेंटर पार्क और सेमीकंडक्टर यूनिट आकार ले रहे हैं। इसके साथ ही उद्योगपतियों और कारोबारियों के लिए ‘वन क्लिक सिंगल विंडो सिस्टम’ पर 187 सेवाएं उपलब्ध हैं।

संस्कृति और पर्यटन का अनूठा संगम

प्रदर्शनी के एक विशेष हिस्से में छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक पहचान को भी प्रदर्शित किया गया है। इसमें 600 वर्षों की परंपरा वाले 75 दिवसीय बस्तर दशहरा, 52 शक्तिपीठों में शुमार दंतेवाड़ा का मां दंतेश्वरी मंदिर, भारत के नियाग्रा के रूप में विख्यात 300 मीटर चौड़ा चित्रकोट जलप्रपात, 23 हजार से अधिक धान की किस्मों वाले ‘धान का कटोरा’ और देश के तीसरे सबसे बड़े 44 प्रतिशत वनक्षेत्र की प्राकृतिक संपदा का ब्योरा रोचक ढंग से प्रस्तुत किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *