ताला की ऐतिहासिक विरासत से छत्तीसगढ़ को मिली वैश्विक पहचान: डिप्टी सीएम अरुण साव

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के गौरवशाली इतिहास और संस्कृति का केंद्र ‘ताला’ आज एक बार फिर अपनी चमक बिखेर रहा है। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने ताला महोत्सव के दूसरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने ताला की ऐतिहासिक धरोहरों को वैश्विक पहचान दिलाने और क्षेत्र के विकास को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

दुनिया में अद्वितीय है ताला की रुद्र शिव प्रतिमा

मनियारी नदी के तट पर स्थित देवरानी-जेठानी मंदिर और रुद्र शिव की प्रतिमा का उल्लेख करते हुए श्री साव ने कहा कि इस अद्भुत धरोहर ने न केवल बिलासपुर, बल्कि समूचे छत्तीसगढ़ को विश्व पटल पर गौरव दिलाया है। विधायक धरमलाल कौशिक ने भी कहा कि रुद्र शिव जैसी प्रतिमा पूरे विश्व में कहीं और नहीं है, जिसके शरीर के अंगों पर विभिन्न जीव-जंतुओं की आकृतियां उकेरी गई हैं।

विकास की नई सौगात: 200 करोड़ की सड़कें

उप मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि बीते दो वर्षों में बिल्हा विधानसभा क्षेत्र में 200 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 8 महत्वपूर्ण सड़कों को स्वीकृति दी गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शेष बची सड़कों को भी आगामी तीन वर्षों के भीतर पूर्ण कर लिया जाएगा।

सरकारी योजनाओं का लाभ और सांस्कृतिक उल्लास

श्री साव ने प्रधानमंत्री मोदी की गारंटियों का जिक्र करते हुए बताया कि महतारी वंदन योजना की 24वीं किस्त जारी कर दी गई है, जिससे मेला-मड़ई में महिलाओं की रौनकता और उत्साह बढ़ा है। कार्यक्रम में क्रेडा अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सवन्नी ने मंदिर परिसर के लिए 11 लाख रुपये की लागत से दो हाई मास्ट सोलर लाइट की स्वीकृति की जानकारी दी।

​महोत्सव में प्रसिद्ध लोक कलाकार सुनील सोनी और उनके दल की रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *