‘जशपुर के खेतों से वैश्विक बाजारों तक’: KVK डुमरबहार में आयोजित हुआ निर्यात क्षमता निर्माण कार्यक्रम

जिले के 67 किसानों, FPO और महिला स्वयं सहायता समूहों को सिखाई गईं अंतरराष्ट्रीय बाजार की बारीकियां, स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने पर जोर

जशपुरनगर, 20 नवंबर 2026/ जशपुर जिले के किसानों, किसान उत्पादक संगठनों (FPOs), महिला स्वयं सहायता समूहों (SHGs) तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSMEs) को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में निर्यात के अवसरों से जोड़ने की दिशा में एक सार्थक पहल की गई है। इसी कड़ी में गुरुवार, 19 नवंबर को कृषि विज्ञान केंद्र (KVK), डुमरबहार में “एफपीओ, एसएचजी एवं एमएसएमई के लिए निर्यात के अवसरों पर क्षमता निर्माण कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। राज्य कृषि विभाग एवं कृषि विज्ञान केंद्र, जशपुर के सह-आयोजन में संपन्न हुए इस कार्यक्रम की मुख्य थीम “जशपुर के खेतों से वैश्विक बाजारों तक” रखी गई थी।

स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता और निर्यात संभावनाओं पर मिला मार्गदर्शन इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए कुल 67 कृषकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने किसानों और महिला समूहों को स्थानीय कृषि उत्पादों की गुणवत्ता सुधारने, उनकी बाजार क्षमता को परखने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निर्यात की संभावनाओं से जुड़ी आवश्यक जानकारियां प्रदान कीं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य जशपुर के कृषि उत्पादों को राष्ट्रीय एवं वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाना है, ताकि अन्नदाताओं की आय में सीधा इजाफा हो सके।

स्थानीय स्तर पर रोजगार और उद्यमिता को मिलेगा बढ़ावा कार्यक्रम में रायपुर से आए सहायक प्रबंधक श्री सौरभ राय, श्री राकेश कुमार भगत एवं श्री अनूप कुमार मेहर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। अधिकारियों ने प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करते हुए स्थानीय स्तर पर रोजगार और कृषि-उद्यमिता के नए अवसरों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया। यह पहल जशपुर जिले के कृषि उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने और किसानों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *