50 हजार रुपये की सरकारी सहायता से शुरू किया व्यवस्थित व्यवसाय, बकरों की बिक्री से अब तक कमाए 40 हजार रुपये, परिवार की आर्थिक स्थिति हुई मजबूत
नारायणपुर, 20 नवंबर 2026/ कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशानुसार जिले में ग्रामीण हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की मुहिम रंग ला रही है। इसी कड़ी में पशुधन विकास विभाग की ‘राज्य बकरी उद्यमिता विकास योजना’ ग्राम पंचायत मातला निवासी श्री मंगेश पोटाई के लिए आर्थिक सशक्तिकरण का मजबूत जरिया बन गई है। योजना से मिली आर्थिक मदद और विभागीय मार्गदर्शन के दम पर उन्होंने बकरी पालन को अपनी आजीविका का एक सफल और लाभकारी साधन बना लिया है।
आर्थिक तंगी से रुका था काम, पशु चिकित्सालय बेनूर से मिली राह विकासखंड नारायणपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत मातला निवासी श्री मंगेश पोटाई (पिता श्री गिंजरू राम) को पहले से ही बकरी पालन में रुचि थी, लेकिन पर्याप्त पूंजी नहीं होने के कारण वे इसे बड़े स्तर पर शुरू नहीं कर पा रहे थे। इसी दौरान उन्हें राज्य बकरी उद्यमिता विकास योजना की जानकारी मिली। उन्होंने तत्काल पशु चिकित्सालय बेनूर से संपर्क कर आवेदन की प्रक्रिया पूरी की, जिसके बाद योजना के तहत उन्हें 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त हुई।
35 बकरियों का तैयार किया कुनबा, बिक्री से मिल रही नियमित आमदनी पशु चिकित्सालय बेनूर के अधिकारियों के मार्गदर्शन में श्री पोटाई ने बकरियों के उचित रखरखाव, संतुलित आहार, स्वच्छ आवास और समय पर टीकाकरण व उपचार की बारीकियों को अपनाया। उनकी मेहनत और व्यवस्थित प्रबंधन का परिणाम है कि आज उनके पास लगभग 30 से 35 बकरियां हैं। वे अब तक 10 से 12 बकरों की बिक्री कर 35 से 40 हजार रुपये तक की शुद्ध आय अर्जित कर चुके हैं।
पारंपरिक गतिविधि से आगे बढ़कर बना मुनाफे का व्यवसाय सरकारी सहयोग से मिले आत्मविश्वास के बाद श्री मंगेश पोटाई अब बकरी पालन को केवल एक पारंपरिक काम न मानकर एक व्यावसायिक उद्यम के रूप में आगे बढ़ा रहे हैं। पशुधन में वृद्धि और बिक्री से हुई आय ने उनके परिवार की आर्थिक स्थिति को नई मजबूती दी है। श्री पोटाई का कहना है कि वे भविष्य में इस व्यवसाय का और विस्तार करेंगे तथा गांव के अन्य पशुपालकों को भी इस योजना से जुड़कर स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे।
