मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने अपने 62वें जन्मदिन को सेवा और मानवता के नाम समर्पित किया। इस विशेष अवसर पर मुख्यमंत्री निवास परिसर में ‘अल्फा ग्लोब फाउंडेशन’ और ‘शिवनाथ ब्लड सेंटर’ द्वारा आयोजित भव्य रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री ने भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना के साथ की।
62वें जन्मदिन पर 62 विशेष रक्तदाता
मुख्यमंत्री के 62वें वर्ष में प्रवेश के उपलक्ष्य में शिविर में विशेष रूप से 62 लोगों द्वारा रक्तदान की व्यवस्था की गई थी। श्री साय ने स्वयं रक्तदाताओं के पास जाकर उनका उत्साहवर्धन किया और उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
मानवता की सच्ची सेवा है रक्तदान
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। उन्होंने कहा, “दुर्घटनाओं, प्रसव और गंभीर बीमारियों के समय जब किसी मरीज को रक्त की जरूरत होती है, तब एक यूनिट रक्त उसके जीवन में नई उम्मीद जगाता है।” उन्होंने खुशी जताई कि इस शिविर के माध्यम से एकत्रित रक्त जरूरतमंदों को निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।
युवाओं से अपील: सुरक्षित यातायात और रक्तदान
शिविर के दौरान सुरक्षित यातायात जागरूकता अभियान भी चलाया गया। मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे साल में कम से कम एक बार रक्तदान का संकल्प लें और सड़क पर चलते समय यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें ताकि अनमोल जीवन को सुरक्षित रखा जा सके।
प्रमुख जनों की उपस्थिति
कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव, सीजीएमएससी चेयरमैन श्री दीपक म्हस्के, पर्यटन मंडल अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा, मुख्यमंत्री के सचिव श्री राहुल भगत, श्री पी. दयानंद, डॉ. बसवराजु एस. सहित अल्फा ग्लोब फाउंडेशन की संचालक डॉ. पूनम अग्रवाल और बड़ी संख्या में रक्तदाता व अधिकारी उपस्थित थे।
