कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने जिला कार्यालय के प्रेरणा सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा (TL) की बैठक में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने विशेष रूप से स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए अधिकारियों को एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है।
स्वास्थ्य सेवाओं में ‘शत-प्रतिशत’ लक्ष्य पर जोर
कलेक्टर ने आयुष्मान कार्ड और ‘वय वंदन योजना’ के लंबित प्रकरणों पर नाराजगी जाहिर करते हुए निर्देश दिए कि जिन पंचायतों में अधिक हितग्राही शेष हैं, वहां विशेष शिविर लगाकर एक सप्ताह में काम पूरा किया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निम्नलिखित निर्देश दिए:
- हाई रिस्क प्रेग्नेंसी: गर्भवती महिलाओं की ट्रैकिंग कर उन्हें संस्थागत प्रसव (Institutional Delivery) के लिए प्रेरित करें।
- कुपोषण मुक्ति: पोषण पुनर्वास केंद्रों (NRC) में कुपोषित बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।
- जन औषधि केंद्र: केंद्रों के संचालन और जीवन दीप समिति की राशि के सदुपयोग की समीक्षा की गई।
शिक्षा और आधार कार्ड अपडेशन
शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने ‘अपार आईडी’ (APAAR ID) के काम में तेजी लाने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि स्कूली दस्तावेजों और आधार में जन्मतिथि की विसंगतियों को तत्काल दूर किया जाए। साथ ही, 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों के आधार कार्ड बनाने के लिए जनपद पंचायत सीईओ को डाक विभाग के साथ मिलकर शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
लखपति दीदी और बैंकिंग सुविधाएं
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान ‘लखपति दीदी’ योजना पर विशेष चर्चा हुई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जो महिलाएं विभिन्न गतिविधियों से लाभान्वित होकर अच्छी आय प्राप्त कर रही हैं, उन्हें योजना के ‘मॉडल’ के रूप में चिन्हांकित किया जाए। साथ ही, ‘बैंक सखी’ के माध्यम से ग्रामीणों को उनके घर के पास बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
कृषि और अन्य विभागों की समीक्षा
- खाद्य विभाग: राशन दुकानों में खाद्यान्न भंडारण और ‘चावल उत्सव’ की तैयारियों की समीक्षा की गई।
- किसान सम्मान निधि: मृत या अपात्र हितग्राहियों के नाम हटाने और ई-केवायसी (e-KYC) पूर्ण करने के निर्देश।
- नक्सल पुनर्वास: पुनर्वास नीति के तहत मिलने वाली सुविधाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के निर्देश।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री प्रतीक जैन, वनमंडलाधिकारी श्री उत्तम गुप्ता सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। अंत में स्वास्थ्य विभाग ने सूचित किया कि 25 फरवरी को छापर भानपुरी में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा, जहां अन्य विभागों की योजनाओं का लाभ भी दिया जाएगा।
