रायपुर। छत्तीसगढ़ के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों में पदस्थ इंटर्न डॉक्टरों की मांगों पर राज्य सरकार ने बेहद संवेदनशील और सकारात्मक रुख अपनाया है। स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल से सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई बातचीत के बाद इंटर्न डॉक्टरों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सरकार पर विश्वास जताते हुए अपना प्रस्तावित आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया है।
स्टाइपेंड वृद्धि पर विभागीय प्रक्रिया तेज
स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने विभिन्न मेडिकल कॉलेजों से आए इंटर्न डॉक्टरों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर उनकी मांगों पर बिंदुवार गंभीरता से चर्चा की। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि IMA-MSN छत्तीसगढ़ द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव और संबंधित प्रकरण पर पहल करते हुए इंटर्न डॉक्टरों के स्टाइपेंड में वृद्धि से जुड़ी आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने डॉक्टरों को आश्वस्त किया कि इसी माह उनके हित में आवश्यक और सकारात्मक निर्णय लेने के लिए विभागीय स्तर पर प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।
चिकित्सा शिक्षा और डॉक्टरों के हितों के प्रति सरकार संवेदनशील
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार चिकित्सा शिक्षा से जुड़े सभी मुद्दों के समाधान के लिए तत्पर है। उन्होंने कहा कि इंटर्न डॉक्टर स्वास्थ्य प्रणाली की रीढ़ हैं और राज्य सरकार उनके अधिकारों व हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मंत्री के ठोस आश्वासन और सकारात्मक दृष्टिकोण के बाद प्रतिनिधिमंडल ने संतोष व्यक्त करते हुए आंदोलन स्थगित करने की घोषणा की।
