जशपुर:
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण और खेती-किसानी को सुगम बनाने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है। शासन की प्राथमिकता के अनुरूप जशपुर जिले में किसानों को किसान किताब और किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) तेजी से उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण अंचलों के कृषकों को कृषि से जुड़ी आवश्यकताओं की पूर्ति में बड़ी राहत मिल रही है।
बरगांव डूमरटोली के सोहन सिंह को मिला संबल
इसी कड़ी में जशपुर जिले के ग्राम बरगांव डूमरटोली निवासी किसान श्री सोहन सिंह को हाल ही में किसान किताब और केसीसी कार्ड प्राप्त हुआ है। इन दोनों दस्तावेजों के मिलने से उनकी खेती की राह आसान हो गई है। अब उन्हें फसलों के लिए उन्नत बीज, रासायनिक व जैविक खाद और अन्य जरूरी कृषि आदानों की खरीदी में किसी आर्थिक तंगी या असुविधा का सामना नहीं करना पड़ रहा है।
समय पर पूरे हो रहे कृषि कार्य
किसान सोहन सिंह ने बताया कि पहले कृषि लागत जुटाने के लिए काफी भागदौड़ करनी पड़ती थी, जिससे कभी-कभी बुआई और खाद देने में देरी हो जाती थी। अब केसीसी कार्ड के जरिए मिलने वाली वित्तीय सुविधा और किसान किताब के आधार पर उन्हें समय पर सभी जरूरी संसाधन उपलब्ध हो रहे हैं, जिससे उनकी फसल चक्र का काम समयबद्ध तरीके से पूरा हो रहा है।
मुख्यमंत्री के प्रति व्यक्त किया आभार
योजना का सीधा लाभ मिलने पर खुशी जताते हुए किसान श्री सोहन सिंह ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति दिल से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “राज्य सरकार की यह पहल हम जैसे छोटे और मध्यम किसानों के लिए वरदान साबित हो रही है। अब हमें जरूरी कृषि सामग्री जुटाने में किसी के आगे हाथ नहीं फैलाना पड़ता। यह व्यवस्था किसानों को आत्मनिर्भर बनाने वाली है।”
किसानों को सशक्त कर रही सरकारी पहल
राज्य सरकार द्वारा गांव-गांव तक किसान किताब और केसीसी कार्ड पहुंचाने का अभियान न केवल खेती की लागत को नियंत्रित कर रहा है, बल्कि किसानों को साहुकारों के कर्ज जाल से भी मुक्त कर रहा है। प्रशासन का उद्देश्य जिले के प्रत्येक पात्र किसान को इन योजनाओं से जोड़कर उनकी आजीविका और आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है।
