बस्तर-सरगुजा सहित दूरस्थ अंचलों तक बैंकिंग नेटवर्क का करें विस्तार: सीएम विष्णुदेव साय

  • एचडीएफसी बैंक के छत्तीसगढ़ में 25 वर्ष पूरे होने पर विशेष लोगो का किया विमोचन
  • गांव के नजदीक बैंकिंग सुविधा मिलने से वित्तीय समावेशन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती
  • महिला स्व-सहायता समूहों, किसानों और युवा उद्यमियों को सुगम ऋण उपलब्ध कराने पर जोर

रायपुर (16 सितंबर 2026):

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने निजी व वाणिज्यिक बैंकों से प्रदेश के दूरस्थ ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में अपनी शाखाओं तथा सेवाओं का विस्तार करने का आह्वान किया है। उन्होंने विशेष रूप से बस्तर और सरगुजा संभाग के सुदूर इलाकों में बैंकिंग पहुंच बढ़ाने पर बल देते हुए कहा कि अंतिम व्यक्ति तक बैंकिंग सेवाओं की उपलब्धता से न केवल वित्तीय समावेशन को गति मिलेगी, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था भी सशक्त होगी।

यह बात मुख्यमंत्री ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में एचडीएफसी बैंक के प्रतिनिधिमंडल से सौजन्य मुलाकात के दौरान कही। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बैंक द्वारा छत्तीसगढ़ में अपनी सेवाओं के सफल 25 वर्ष पूर्ण होने से अवगत कराया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बैंक प्रबंधन, कर्मचारियों व ग्राहकों को शुभकामनाएं देते हुए 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में तैयार किए गए विशेष लोगो का विमोचन किया।

ग्रामीण सशक्तीकरण और पारदर्शिता का माध्यम बनेगी बैंकिंग

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं का दायरा सिर्फ बड़े शहरों और औद्योगिक केंद्रों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। छत्तीसगढ़ का बड़ा भू-भाग ग्रामीण और जनजातीय बहुल है। जब ग्रामीणों को घर के पास बैंकिंग सुविधाएं मिलती हैं, तो उनके समय और धन दोनों की बचत होती है तथा बचत और औपचारिक वित्तीय व्यवस्था के प्रति उनका विश्वास बढ़ता है।

उन्होंने रेखांकित किया कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की राशि सीधे डीबीटी (DBT) के जरिए हितग्राहियों के खातों में अंतरित की जा रही है। ऐसे में पारदर्शी और सुदृढ़ सुशासन के लिए मजबूत बैंकिंग तंत्र अनिवार्य कड़ी है।

युवाओं, महिलाओं और किसानों को मिले वित्तीय संबल

सीएम ने बैंकों से महिला स्व-सहायता समूहों, किसानों और युवा उद्यमियों को प्राथमिकता के आधार पर ऋण और वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश की महिलाएं स्व-सहायता समूहों के जरिए आत्मनिर्भर बन रही हैं, वहीं युवा नए स्टार्टअप और स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं। यदि बैंक समय पर पूंजी और मार्गदर्शन उपलब्ध कराएं, तो स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन होगा। इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीणों को डिजिटल धोखाधड़ी से बचाने के लिए वित्तीय साक्षरता अभियान चलाने पर भी जोर दिया।

बैठक में ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर रायपुर उत्तर के विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, एचडीएफसी बैंक के ग्रुप हेड श्री अरुण मेदीरत्ता, ब्रांच बैंकिंग हेड (सेंट्रल इंडिया) श्री प्रतीक शर्मा सहित बैंक के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *