अम्बिकापुर में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का रंगारंग आगाज, पांच संभागों के 595 खिलाड़ी दिखा रहे दम

अम्बिकापुर: सरगुजा संभाग मुख्यालय अम्बिकापुर में 26वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026 की विधिवत शुरुआत हो गई है। शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (मल्टीपरपज स्कूल) के खेल मैदान में आयोजित चार दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने बास्केट में बॉल डालकर किया।

23 से 26 अक्टूबर तक चलने वाले इस राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ में प्रदेश के पांचों संभागों—बस्तर, बिलासपुर, दुर्ग, रायपुर और सरगुजा—से पहुंचे कुल 595 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। शुभारंभ अवसर पर विद्यार्थियों ने बिहू नृत्य और पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर मैदान का माहौल ऊर्जावान बना दिया।

हार-जीत से बड़ा खेल भावना और अनुशासन: सांसद चिंतामणि महाराज समारोह को संबोधित करते हुए सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, व्यक्तित्व निर्माण और मानसिक सुदृढ़ता के लिए अनिवार्य हैं। खेल मैदान से अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और चुनौतियों का सामना करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि हार-जीत खेल का स्वाभाविक हिस्सा है, लेकिन असली पहचान समर्पण और खेल भावना से बनती है। खिलाड़ी राज्य स्तर से आगे बढ़कर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का मान बढ़ाएं।

फुटबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन और सॉफ्ट टेनिस में रोमांचक मुकाबले चार दिवसीय आयोजन में विभिन्न आयु वर्गों की खेल स्पर्धाएं कराई जा रही हैं:

  • फुटबॉल: 19 वर्ष आयु वर्ग (बालक)
  • बास्केटबॉल: 14 एवं 17 वर्ष आयु वर्ग (बालिका)
  • बैडमिंटन व सॉफ्ट टेनिस: 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग (बालक एवं बालिका)

जनप्रतिनिधियों और प्रशासन ने बढ़ाया उत्साह कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, उपाध्यक्ष देवनारायण यादव, महापौर मंजूषा भगत और निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी ने खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई की। महापौर ने खिलाड़ियों को खेल के साथ स्वच्छता अभियान में भी अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कलेक्टर अजीत वसंत ने बाहर से आए सभी खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों का स्वागत करते हुए कहा कि जिला प्रशासन खिलाड़ियों को अनुकूल माहौल और हरसंभव सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रतिभागियों को बिना किसी दबाव के सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाने को कहा।

उद्घाटन अवसर पर जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव, संयुक्त संचालक (शिक्षा) डॉ. राजेश सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश झा सहित विभागीय अधिकारी, कोच और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *