फरसाबहार में आयोजित हुआ ‘आस-पड़ोस युवा संवाद’: युवाओं ने लिया नशामुक्त समाज और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प

जशपुर: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) अभियान के तत्वावधान में फरसाबहार विकासखंड स्थित स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालय में ‘आस-पड़ोस युवा संवाद’ कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया। इस संवाद कार्यक्रम का मुख्य केंद्र बिंदु नशामुक्ति और ‘विकसित भारत 2047’ के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी रहा।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य प्रदीप कुमार कुजूर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान विषय विशेषज्ञ वक्ताओं—नंदलाल राम चौहान, बी. तिर्की, अमित कुमार जायसवाल एवं धन सिंह साय ने युवाओं से सीधा संवाद कर उनका मार्गदर्शन किया।

नशे के दुष्प्रभावों से बचने और सकारात्मक ऊर्जा के उपयोग पर जोर

संवाद सत्र के दौरान वक्ताओं ने युवाओं को नशे की गिरफ्त से दूर रहने, सामाजिक चेतना जगाने और सकारात्मक कार्यों में ऊर्जा लगाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति और परिवार को बर्बाद करता है, बल्कि सामाजिक विकास की गति को भी बाधित करता है। युवाओं को अपने अंचल में नशामुक्त वातावरण तैयार करने के लिए आगे आकर नेतृत्व करना होगा।

मेरा युवा भारत, जशपुर के जिला युवा अधिकारी ने अपने संदेश में कहा कि किसी भी राष्ट्र की असली पूंजी उसकी युवा शक्ति होती है। यदि युवा संगठित होकर सामाजिक कुरीतियों और नशे के विरुद्ध खड़े हों, तो विकसित भारत का सपना जमीनी स्तर पर साकार हो सकेगा।

प्रतिभागियों ने ली नशामुक्ति की शपथ

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी युवाओं, विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों को नशामुक्ति की सामूहिक शपथ दिलाई गई। सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने और समाज के अन्य लोगों को जागरूक कर नशामुक्त छत्तीसगढ़ के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।

इस आयोजन में ‘मेरा युवा भारत’ के स्वयंसेवक दीपक कुमार निषाद, धन सिंह साय, परमेश्वर सिंह, सुजय और रामकुमार सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में युवा प्रतिभागी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *