जशपुर को मिली 4 मोबाइल मेडिकल यूनिट की सौगात: सीएम विष्णु देव साय ने दिखाई हरी झंडी, हाट-बाजारों में मिलेगा मुफ्त इलाज

जशपुरनगर:

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को जशपुर विश्राम गृह परिसर से भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की 4 मोबाइल मेडिकल यूनिट (MMU) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिले के वनांचल और पहुंचविहीन क्षेत्रों में बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के मकसद से इन आधुनिक सचल चिकित्सा वाहनों की शुरुआत की गई है।

​हाट-बाजारों तक पहुंचेगा अस्पताल

​यूनिट्स के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दूरस्थ अंचलों में निवासरत ग्रामीणों को सामान्य जांच और उपचार के लिए लंबी दूरी तय न करनी पड़े, यही सरकार की प्राथमिकता है। ये चारों मोबाइल मेडिकल यूनिट सीधे साप्ताहिक हाट-बाजारों में पहुंचेंगी, जहां लोगों को मौके पर ही निःशुल्क ओपीडी परामर्श, जरूरी दवाइयां और बुनियादी पैथोलॉजी जांच की सुविधा मिलेगी। इससे विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को समय पर इलाज मिल सकेगा।

​कार्यक्रम में प्रमुख जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अमला रहा मौजूद

​इस अवसर पर पत्थलगांव विधायक एवं सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष श्रीमती गोमती साय, रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, जशपुर विधायक रायमुनि भगत, नगर पालिका अध्यक्ष अरविन्द भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, सुनील गुप्ता, भरत सिंह, अमर सुल्तानिया और कृष्णा राय प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

​प्रशासन की ओर से सरगुजा संभाग कमिश्नर नरेंद्र दुग्गा, आईजी दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेंद सिंह सहित जिला प्रशासन के आला अधिकारी एवं रेडक्रॉस सोसायटी के सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *