दीपावली पर खाद्य सुरक्षा विभाग की पत्थलगांव में दबिश: 6 प्रतिष्ठानों की जांच, मिठाई, पनीर और खोवा के 5 नमूने लैब भेजे गए

पत्थलगांव/जशपुरनगर:

दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए आम नागरिकों को मिलावटमुक्त, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने पत्थलगांव में सघन जांच अभियान चलाया। विभाग की टीम ने शहर के 6 प्रमुख खाद्य प्रतिष्ठानों पर औचक दबिश दी और गुणवत्ता परीक्षण के लिए विभिन्न मिठाइयों व दुग्ध उत्पादों के 5 नमूने संकलित किए।

जांच के दायरे में आए ये 6 प्रतिष्ठान

खाद्य सुरक्षा अमले ने बस स्टैंड, रायगढ़ चौक और प्रमुख मार्गों पर स्थित दुकानों व होटलों का बारीकी से निरीक्षण किया। इनमें शामिल प्रमुख फर्में:

  • सेंट्रल रेस्टोरेंट (बस स्टैंड, पत्थलगांव)
  • न्यू बालाजी रेस्टोरेंट (बस स्टैंड, पत्थलगांव)
  • बालाजी फन टू रेस्टोरेंट (बस स्टैंड, पत्थलगांव)
  • गोकुल रेस्टोरेंट (रायगढ़ चौक, पत्थलगांव)
  • मां शारदा डेयरी (रायगढ़ रोड, पत्थलगांव)
  • केक बेकरी (बस स्टैंड, पत्थलगांव)

मिठाई, पनीर और खोवा के नमूने लैब भेजे गए

कार्रवाई के दौरान टीम ने नारियल बर्फी, कलाकंद, बूंदी लड्डू, पनीर और भैंस के दूध से बने खोवा के 5 सैंपल जब्त कर परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे हैं।

अनियमितताओं पर सुधार नोटिस, रिपोर्ट आने पर होगी कार्रवाई

निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई और भंडारण में जिन प्रतिष्ठानों में कमियां व अनियमितताएं पाई गईं, उन्हें विभाग की ओर से सुधार नोटिस जारी किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि लैब से नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद किसी भी प्रकार की मिलावट या मानक उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित फर्मों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। त्योहारी सीजन के दौरान मिलावटखोरों पर अंकुश लगाने के लिए यह जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *