रायपुर के पराक्रम सिन्हा और मोहम्मद गौस अंसारी का ‘रोबोटेक्स इंटरनेशनल ग्रैंड फाइनल’ में चयन, 28 और 29 नवंबर को दिखाएंगे अपनी तकनीकी प्रतिभा
रायपुर, 20 नवंबर 2026/ छत्तीसगढ़ के दो होनहार विद्यार्थी अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। रायपुर स्थित वेदिक इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा सातवीं के छात्र पराक्रम सिन्हा और मोहम्मद गौस अंसारी का चयन दक्षिण कोरिया में 28 एवं 29 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाली ‘रोबोटेक्स इंटरनेशनल ग्रैंड फाइनल’ प्रतियोगिता के लिए हुआ है। शुक्रवार को दोनों विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने इस शानदार उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए दोनों छात्रों का उत्साहवर्धन किया और अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रतिभा और नवाचार को मंच देना सरकार की प्राथमिकता: मुख्यमंत्री श्री साय मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के बच्चों में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। यदि उन्हें सही अवसर, प्रोत्साहन और मार्गदर्शन मिले, तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सकते हैं। इतनी कम उम्र में रोबोटिक्स जैसे आधुनिक तकनीकी क्षेत्र में सफलता हासिल करना प्रदेश के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि आज विज्ञान और तकनीक का युग है, इसलिए राज्य सरकार विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा और तकनीकी नवाचार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
7 हजार प्रतिभागियों को पछाड़कर नेशनल चैंपियनशिप में हासिल किया दूसरा स्थान पराक्रम सिन्हा और मोहम्मद गौस अंसारी ने हाल ही में आयोजित नेशनल चैंपियनशिप 2026 की ‘लेगो लाइन फॉलोअर’ (LEGO Line Follower) श्रेणी में द्वितीय स्थान प्राप्त कर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया है। इस राष्ट्रीय स्पर्धा में देश के 16 से अधिक राज्यों के 7 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों ने 9 अलग-अलग श्रेणियों में 500 से अधिक रोबोट्स के साथ हिस्सा लिया था। इनमें से चयनित कुल 36 विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है।
गौरतलब है कि ‘लेगो लाइन फॉलोअर’ श्रेणी में प्रतिभागियों को ऐसा स्मार्ट रोबोट तैयार करना होता है, जो प्रोग्रामिंग और तार्किक समझ के आधार पर निर्धारित ट्रैक पर बनी लाइन को पहचानकर स्वतः आगे बढ़ सके।
शिक्षकों और तकनीकी मार्गदर्शकों के सहयोग से मिली सफलता मुख्यमंत्री श्री साय ने विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों, शिक्षकों और मार्गदर्शकों को भी बधाई देते हुए कहा कि बच्चों की छिपी प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ाने में शिक्षकों की भूमिका सबसे अहम होती है। इस अवसर पर वेदिक इंटरनेशनल स्कूल की प्राचार्य श्रीमती नीलम चौधरी, रोबोनाइट रोबोटिक्स के सीईओ एवं चीफ मेंटर श्री रवि सिन्हा, मैनेजिंग डायरेक्टर श्रीमती रीना सिन्हा तथा टीम कोच श्री शौर्य सिन्हा उपस्थित रहे।
