युवाओं की ऊर्जा और नवाचार से गढ़ेगा विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़: सीएम विष्णु देव साय

रायपुर। भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में से एक है और युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, रचनात्मकता तथा नवाचार की क्षमता ही विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति है। यह बात मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित ‘मेरा युवा भारत’ (माय भारत) की प्रदेश स्तरीय उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को उनकी रुचि और क्षमता के अनुरूप अवसर देकर राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ना होगा। इससे युवाओं में नेतृत्व क्षमता, सेवा भाव और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना मजबूत होगी।

हर क्षेत्र में युवाओं को मिलेंगे नेतृत्व के अवसर मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, पर्यावरण संरक्षण, आपदा प्रबंधन, कौशल विकास और कृषि जैसे विभिन्न क्षेत्रों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने ‘सशक्त युवा-सशक्त छत्तीसगढ़’ की भावना के अनुरूप पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक एक सुदृढ़ समन्वय और युवा नेटवर्क तैयार करने के निर्देश दिए।

देशभर में 2.65 करोड़ और छत्तीसगढ़ में 6.60 लाख से अधिक युवा पंजीकृत बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 31 अक्टूबर 2023 को शुरू किए गए ‘माय भारत’ मंच पर अब तक देशभर में 2.65 करोड़ से अधिक युवा जुड़ चुके हैं, जिनमें छत्तीसगढ़ के 6.60 लाख से अधिक युवा शामिल हैं।

  • राज्य में 233 से अधिक अनुभव आधारित शिक्षण कार्यक्रमों (ELP) के जरिए 2,389 से अधिक युवा जुड़े हैं।
  • 5,778 से अधिक वालंटियर अवसरों के माध्यम से 23,900 से अधिक युवाओं ने सेवा गतिविधियों में भाग लिया है।

बस्तर के युवाओं के लिए खुलेंगे नए द्वार मुख्यमंत्री ने बस्तर संभाग के युवाओं को विशेष रूप से इस मंच से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बस्तर अब नक्सलवाद के भय को पीछे छोड़कर शांति और विकास की राह पर अग्रसर है। बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडुम जैसे आयोजनों के बाद अब माय भारत के माध्यम से सुदूर अंचलों के युवाओं को नेतृत्व और कौशल के नए अवसर दिए जाएंगे।

बैठक में उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, मुख्य सचिव श्री विकासशील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, सचिव श्री राहुल भगत, खेल सचिव श्री यशवंत कुमार और माय भारत की सीईओ डॉ. प्रियंका शुक्ला सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *