बुजुर्गों के एकाकीपन का साथी बनी ‘सियान गुड़ी’, जशपुर में मिल रहा सेहत और सम्मान का नया आसरा

जशपुर। उम्र के इस पड़ाव में जहाँ अक्सर बुजुर्ग खुद को अकेला महसूस करने लगते हैं, छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में संचालित ‘सियान गुड़ी’ उनके जीवन में उम्मीद की एक नई किरण बनकर उभरी है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और समाज कल्याण विभाग की देखरेख में चल रहा यह केंद्र अब केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि बुजुर्गों के लिए सम्मान, सेहत और सामाजिक जुड़ाव का एक आत्मीय आशियाना बन चुका है।

सेहत की नियमित निगरानी, मिल रही है फिजियोथेरेपी आंकड़ों से इतर अगर जमीनी हकीकत को देखें, तो इस केंद्र में अब तक 94 वरिष्ठ नागरिकों ने अपना पंजीकरण कराया है। बढ़ती उम्र के साथ आने वाले शारीरिक दर्द और दिक्कतों को दूर करने के लिए यहाँ 32 बुजुर्गों को रोजाना और नियमित रूप से फिजियोथेरेपी की सुविधा दी जा रही है, जिससे उनके जीवन में शारीरिक सुगमता आई है।

​हाल ही में जिला अस्पताल के विशेषज्ञ डॉक्टरों, मनोवैज्ञानिकों, साइकेट्रिक नर्स और लैब तकनीशियन की एक संयुक्त टीम ने सियान गुड़ी और नशामुक्ति केंद्र का दौरा किया। इस दौरान बुजुर्गों के खून की जांच और सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ उनके मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया गया। डॉक्टरों की टीम ने उनसे खुलकर बात की, उनकी चिंताएं सुनीं और उन्हें जरूरी काउंसिलिंग व चिकित्सकीय परामर्श दिया।

सुबह योग की ऊर्जा, शाम को सुंदरकांड का सुकून सियान गुड़ी की सबसे खूबसूरत बात यहाँ की दिनचर्या है। यहाँ हर सुबह 10 बजे से ही रौनक जुटने लगती है। बुजुर्ग घर के रोजमर्रा के तनाव से दूर यहाँ आकर हमउम्र साथियों से मिलते हैं, सुख-दुख साझा करते हैं और विभिन्न मनोरंजक व स्वास्थ्यवर्धक गतिविधियों का हिस्सा बनते हैं।

​दिनभर की चहल-पहल और सामाजिक जुड़ाव के बाद, शाम 6 बजे यहाँ का माहौल पूरी तरह बदल जाता है। सभी पंजीकृत बुजुर्ग और केंद्र के कर्मचारी मिलकर पूरी श्रद्धा के साथ ‘सुंदरकांड’ का पाठ करते हैं। शंख और मंजीरों की गूँज के बीच होने वाला यह पाठ बुजुर्गों को आत्मिक और मानसिक शांति की एक अनूठी अनुभूति कराता है।

बुजुर्गों ने कहा- ‘थैंक यू मुख्यमंत्री बेटा’ केंद्र का लाभ ले रहे वरिष्ठ नागरिकों के चेहरों की मुस्कान इस योजना की सफलता की गवाही देती है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति दिल से आभार जताते हुए कहा कि इस केंद्र ने उन्हें एक बार फिर खुलकर जीने का मौका दिया है। यहाँ उन्हें जो देखभाल और आदर मिल रहा है, उसने उनके भीतर के अकेलेपन को पूरी तरह दूर कर दिया है।

समाज कल्याण विभाग की अपील मामले में समाज कल्याण विभाग ने जिले के सभी वरिष्ठ नागरिकों और उनके परिवारों से अपील की है कि वे झिझक छोड़ें और अधिक से अधिक संख्या में सियान गुड़ी पहुंचकर इस निःशुल्क, सुरक्षित और बेहद उपयोगी सुविधा का लाभ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *