भारी बारिश से क्षतिग्रस्त सुलेसा-दनगरी मार्ग का PWD ने लिया जायजा, ठेकेदार को त्वरित मरम्मत कर रास्ता बहाल करने के निर्देश

जशपुरनगर: जशपुर जिले में विगत दिनों हुई मूसलाधार बारिश के चलते क्षतिग्रस्त हुए सुलेसा-दनगरी मार्ग को लेकर लोक निर्माण विभाग (भ/स) संभाग जशपुर ने त्वरित संज्ञान लिया है। समाचार पत्रों में “जशपुर में ठेकेदार की लापरवाही से सड़क बही, कई गांवों का संपर्क टूटा” शीर्षक से प्रकाशित खबर के बाद विभागीय अमला हरकत में आया और मौके पर पहुंचकर वस्तुस्थिति का जायजा लिया। विभाग ने संबंधित ठेकेदार को तत्काल मरम्मत कार्य पूर्ण कर आवागमन सुचारू करने के कड़े निर्देश जारी किए हैं।

60 मीटर हिस्से में हुआ था कटाव

लोक निर्माण विभाग (भ/स) संभाग जशपुर के कार्यपालन अभियंता से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुल 12.26 किलोमीटर लंबे सुलेसा-दनगरी मार्ग का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इस मार्ग पर मिट्टी भराई और जीएसबी (Gravel Sub-Base) का कार्य पहले ही पूरा कर लिया गया था।

विगत दिनों क्षेत्र में हुई अत्यधिक वर्षा के कारण कच्ची नाली में पानी का तेज बहाव आ गया, जिससे मार्ग का लगभग 60 मीटर हिस्सा पानी के कटाव की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया।

अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुआ निरीक्षण

सड़क कटने और ग्रामीणों को हो रही असुविधा की जानकारी मिलते ही विभागीय अधिकारियों ने 01 सितंबर को प्रभावित स्थल का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के उप अभियंता, ठेकेदार के अधिकृत प्रतिनिधि तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर उपस्थित रहे।

शीघ्र बहाल होगा आवागमन

कार्यपालन अभियंता ने स्पष्ट किया कि ठेकेदार को युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। कटाव वाले हिस्से को दुरुस्त कर जल्द ही मार्ग पर सुरक्षित व सुचारू आवागमन पुनः प्रारंभ कर दिया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को आवाजाही में किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *