नारायणपुर: मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने अपने नारायणपुर प्रवास के दौरान विकास कार्यों को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने नारायणपुर-कोंडागांव के बीच निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग 130-डी का औचक निरीक्षण किया और अधिकारियों को दो टूक कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।
बस्तर के विकास का ‘सुपर हाईवे’
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि एनएच-130डी केवल एक सड़क नहीं, बल्कि बस्तर के आर्थिक और सामाजिक बदलाव का रास्ता है। यह मार्ग कोंडागांव से शुरू होकर नारायणपुर और कुतुल होते हुए सीधे महाराष्ट्र सीमा (नेलांगुर) तक जाएगा। इसके बनने से बस्तर सीधे राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क से जुड़ जाएगा, जिससे व्यापारिक गतिविधियों के साथ-साथ पर्यटन को भी नया आयाम मिलेगा।
अबूझमाड़ में विकास की नई किरण
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विशेष सहयोग से इस मार्ग के लिए आवश्यक फॉरेस्ट क्लीयरेंस मिल चुका है। मुख्यमंत्री ने बताया कि यह सड़क नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करेगी और आम जनता के लिए आवागमन सुगम बनाएगी। इस सड़क का लगभग 122 किमी हिस्सा छत्तीसगढ़ की सीमा में आता है, जिसे ‘डबल इंजन’ सरकार प्राथमिकता से पूरा कर रही है।
निरीक्षण के दौरान राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा, सांसद श्री महेश कश्यप और मुख्यमंत्री के सचिव श्री राहुल भगत सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे समय-सीमा का पालन करें ताकि बस्तर की जनता को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।
