नारायणपुर: परंपरागत धान की खेती से उन्नत सब्जी उत्पादन की ओर बढ़े कदम, रूकमणी नाग ने बदली अपनी तकदीर

मल्चिंग और ड्रिप सिंचाई तकनीक अपनाकर खेती को बनाया मुनाफे का जरिया, उद्यानिकी विभाग के मार्गदर्शन से बढ़ी परिवार की आमदनी

नारायणपुर, 19 नवंबर 2026/ खेती-किसानी में मेहनत के साथ जब आधुनिक तकनीक जुड़ती है, तो वह पारंपरिक निर्वाह के बजाय मुनाफे का व्यवसाय बन जाती है। इसका जीवंत उदाहरण नारायणपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत एड़का की निवासी श्रीमती रूकमणी नाग (पति श्री दीनानाथ नाग) ने पेश किया है। परंपरागत धान की खेती के साथ-साथ आधुनिक तकनीक से सब्जी उत्पादन को अपनाकर उन्होंने न केवल अपनी खेती की तस्वीर बदली है, बल्कि नियमित आमदनी का जरिया तैयार कर परिवार की आर्थिक स्थिति को भी सुदृढ़ किया है।

केवल धान की खेती से नहीं चल पा रहा था परिवार का खर्च पहले श्रीमती रूकमणी नाग पारंपरिक तरीके से केवल धान की खेती करती थीं। पूरे परिवार की आजीविका इसी पर निर्भर थी, लेकिन केवल धान पर आश्रित रहने के कारण उन्हें अपेक्षाकृत कम आर्थिक लाभ मिल पाता था। खेत में कड़ी मेहनत और समय लगाने के बावजूद सीमित आय के कारण परिवार की जरूरतों को पूरा करना चुनौतीपूर्ण था। आर्थिक स्थिति में सुधार लाने के लिए वे खेती से अधिक आमदनी प्राप्त करने के नए विकल्पों की तलाश में थीं।

उद्यानिकी विभाग की सलाह पर अपनाई मल्चिंग और ड्रिप सिंचाई तकनीक इसी दौरान उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों ने श्रीमती नाग को आय बढ़ाने के लिए पारंपरिक खेती के साथ उन्नत सब्जी उत्पादन करने की सलाह दी। विभागीय अधिकारियों से कम पानी में अधिक उत्पादन और आधुनिक उद्यानिकी पद्धतियों की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने अपने खेत में मल्चिंग और ड्रिप सिंचाई तकनीक स्थापित कर सब्जियों की खेती शुरू की।

मल्चिंग तकनीक अपनाने से खेत में नमी बनाए रखने और खरपतवार नियंत्रण में बड़ी मदद मिल रही है। वहीं, ड्रिप सिंचाई पद्धति से पौधों की जड़ों तक सीधे आवश्यकतानुसार पानी पहुंच रहा है, जिससे पानी की बचत के साथ सिंचाई कार्य बेहद सुविधाजनक हो गया है।

स्थानीय बाजार में सब्जी बेचकर मिल रही नियमित आमदनी आज श्रीमती रूकमणी नाग अपने खेत में उत्पादित ताजी सब्जियों को स्थानीय बाजार में बेचकर नियमित और अच्छी आमदनी अर्जित कर रही हैं। धान के साथ सब्जी उत्पादन जुड़ने से उनकी आय के स्रोत में विस्तार हुआ है।

अपना अनुभव साझा करते हुए श्रीमती नाग बताती हैं कि उद्यानिकी विभाग के मार्गदर्शन और आधुनिक तकनीकों ने सब्जी उत्पादन को पहले की तुलना में काफी सरल और लाभकारी बना दिया है। ग्राम एड़का की रूकमणी की यह सफलता क्षेत्र के अन्य किसानों और ग्रामीण महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता की एक प्रेरक मिसाल बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *