जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए धरती आबा के ऐतिहासिक योगदान को किया नमन, जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास का दोहराया संकल्प
जशपुरनगर/रायपुर, 19 नवंबर 2026/ प्रदेश के वित्त मंत्री एवं जशपुर जिले के प्रभारी मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने गुरुवार को अपने जशपुर प्रवास के दौरान भगवान बिरसा मुंडा चौक पहुंचकर धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के अदम्य साहस, त्याग, संघर्ष और जनजातीय समाज के उत्थान में उनके ऐतिहासिक योगदान का स्मरण किया।
जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए किया ऐतिहासिक आंदोलन वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महान जननायक, समाज सुधारक और जनजातीय अस्मिता व स्वाभिमान के प्रतीक हैं। उन्होंने अल्पायु में ही अंग्रेजी शासन की शोषणकारी नीतियों और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष का बिगुल फूंका। जनजातीय समाज को संगठित कर अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया तथा जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए ऐतिहासिक आंदोलन का नेतृत्व किया। श्री चौधरी ने कहा कि उनका संपूर्ण जीवन साहस, सामाजिक चेतना और राष्ट्रप्रेम की अनुपम मिसाल है।
सामाजिक न्याय और जनजातीय सशक्तिकरण ही सच्ची श्रद्धांजलि श्री चौधरी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने समाज में आत्मसम्मान और एकता जगाने के साथ-साथ सामाजिक कुरीतियों को दूर करने का महत्वपूर्ण कार्य किया। उनका संघर्ष केवल अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा के लिए भी था। वित्त मंत्री ने कहा कि उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर जनजातीय समाज के सम्मान, शिक्षा, आर्थिक सशक्तिकरण और सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री गंगाराम भगत, पूर्व राज्यसभा सांसद श्री रणविजय सिंह जूदेव, श्री कृष्णा राय, श्री भरत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
