88 वैद्यों ने साझा किए अपने अनुभव; हीलर हर्बल गार्डन, QCI प्रमाणीकरण और निःशुल्क पल्वराइजर मशीन जैसी योजनाओं की दी गई जानकारी
मोहला-मानपुर/रायपुर, 19 नवंबर 2026/ पारंपरिक वैद्यों के अमूल्य ज्ञान को सहेजने और औषधीय पौधों के संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में जिला स्तरीय पारंपरिक वैद्य सम्मेलन का आयोजन किया गया। मोहला स्थित वनधन केंद्र गोदाम में आयोजित इस सम्मेलन में जिले के 88 पारंपरिक वैद्यों ने हिस्सा लेकर अपनी उपचार पद्धतियों और अनुभवों को साझा किया। इस दौरान छत्तीसगढ़ आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधि पादप बोर्ड द्वारा वैद्यों के लिए संचालित विभिन्न तकनीकी और आर्थिक सहायता योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
वन संरक्षण से ही बचेगी वनौषधि, वैद्यों ने लिया वनों की रक्षा का संकल्प सम्मेलन को संबोधित करते हुए मोहला-मानपुर के वनमंडलाधिकारी श्री अभिनव कुमार ने कहा कि वन, वनौषधि, पारंपरिक वैद्य और उनका ज्ञान आपस में गहराई से जुड़े हुए हैं। वनों के सुरक्षित रहने पर ही दुर्लभ औषधीय पौधों की उपलब्धता बनी रह सकेगी और वैद्य अपने पारंपरिक ज्ञान से आम लोगों को उपचार का लाभ दे पाएंगे। उनकी अपील पर सम्मेलन में मौजूद सभी 88 वैद्यों ने वन संरक्षण में वन विभाग को सक्रिय सहयोग देने का संकल्प लिया।
हीलर हर्बल गार्डन, QCI प्रमाणीकरण और निःशुल्क पल्वराइजर मशीन का मिलेगा लाभ औषधि पादप बोर्ड के कंसल्टेंट श्री अमित गुप्ता ने वैद्यों के सशक्तिकरण के लिए संचालित योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि बोर्ड द्वारा ‘हीलर हर्बल गार्डन योजना’ के साथ-साथ वैद्यों के निवास वाले गांवों के स्कूलों में हर्बल गार्डन विकसित करने और उनकी देखरेख के लिए तकनीकी व आर्थिक सहायता का प्रावधान है। इसके अलावा, वैद्यों की पारंपरिक उपचार पद्धतियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए क्यूसीआई (QCI) के माध्यम से प्रमाणीकरण कराने तथा जड़ी-बूटियों के प्रसंस्करण व पिसाई के लिए वैद्य समूहों को निःशुल्क पल्वराइजर मशीन उपलब्ध कराने की योजना भी संचालित की जा रही है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ श्री उज्जवल पोरवाल, आदिम जाति कल्याण विभाग के सहायक आयुक्त श्री संजय कुर्रे, औषधि पादप बोर्ड के अधिकारी तथा वैद्य संघ के प्रतिनिधि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
