​मुख्यमंत्री साय ने पत्थलगांव की सड़कों के लिए 36.85 करोड़ किए स्वीकृत; 7.30 किमी सड़कों का होगा कायाकल्प

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले की तस्वीर बदलने का अभियान तेजी से जारी है। जिले की सड़कों को सुदृढ़ बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पत्थलगांव विकासखंड की प्रमुख सड़कों के लिए 36 करोड़ 85 लाख 20 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।

इन सड़कों का होगा कायाकल्प

वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट में शामिल इस परियोजना के तहत पत्थलगांव के मुख्य केंद्र ‘इंदिरा चौक’ से जुड़ने वाली तीन प्रमुख दिशाओं की सड़कों का उन्नयन किया जाएगा:

  1. इंदिरा चौक से जशपुर रोड: लंबाई 2.00 किमी.
  2. इंदिरा चौक से अंबिकापुर रोड: लंबाई 1.50 किमी.
  3. इंदिरा चौक से रायगढ़ रोड: लंबाई 3.80 किमी. कुल लंबाई: 7.30 किमी.

दो वर्षों में 914 करोड़ से अधिक की सौगात

मुख्यमंत्री के पिछले दो वर्षों के सफल कार्यकाल के दौरान अकेले जशपुर जिले में 914 करोड़ 94 लाख रुपये की लागत से कुल 603 सड़कों की स्वीकृति प्राप्त हुई है। सड़कों, पुलों और पुलियाओं के इस जाल से न केवल दूरस्थ अंचलों तक पहुंच आसान हुई है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं।

विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहे दूरस्थ क्षेत्र

सड़कों के इस व्यापक विस्तार से जिले के नागरिकों के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार आ रहा है। ग्रामीणों को अब अस्पताल, मंडियों और विद्यालयों तक पहुँचने में कम समय लगेगा। इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए जिले के नागरिकों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *