जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज अपने गृह जिले जशपुर में विकास की नई इबारत लिखने जा रहे हैं। एक भव्य राज्य स्तरीय मेगा शो के दौरान मुख्यमंत्री न केवल जिले को करोड़ों के विकास कार्यों की सौगात देंगे, बल्कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण (PMGSY-4) का भी विधिवत शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही बुजुर्गों के लिए विशेष रूप से तैयार ‘सियान गुडी’ केंद्र का उद्घाटन कर वे जशपुरवासियों को एक बड़ा उपहार देंगे।
कनेक्टिविटी को मिलेगी नई रफ्तार (PMGSY-4)
सड़क नेटवर्क को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से PMGSY-4 का शुभारंभ किया जा रहा है। इसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों में उन बसावटों को पक्की सड़कों से जोड़ा जाएगा जो अब तक मुख्य मार्ग से वंचित थे। मुख्यमंत्री साय का लक्ष्य है कि प्रदेश का हर गांव विकास की मुख्यधारा से जुड़े।
बुजुर्गों के लिए ‘सियान गुडी’ का तोहफा
मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता का प्रतीक ‘सियान गुडी’ केंद्र बुजुर्गों के लिए एक सामुदायिक केंद्र के रूप में कार्य करेगा। यहाँ वरिष्ठ नागरिक एक साथ समय बिता सकेंगे, मनोरंजन कर सकेंगे और उनके लिए स्वास्थ्य व अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। यह पहल समाज के अनुभवी बुजुर्गों को सम्मानजनक जीवन प्रदान करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
मेगा शो में दिखेगी विकास की झलक
जशपुर में आयोजित इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शासन की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सामग्री का वितरण भी किया जाएगा। इस दौरान स्थानीय संस्कृति और लोक कला की झलक भी देखने को मिलेगी। विधायक गोमती साय समेत कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी इस गौरवशाली पल के साक्षी बनेंगे।
इस कार्यक्रम को लेकर पूरे जशपुर जिले में भारी उत्साह का माहौल है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
