जशपुर, 4 अगस्त 2026।
प्रदेश में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में जशपुर जिले में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। IDBI बैंक की कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) योजना के तहत जिले के आठ सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालयों में स्मार्ट क्लास पैनल स्थापित किए गए हैं। इस पहल का शुभारंभ कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने सरस्वती शिशु मंदिर, जशपुर में आयोजित कार्यक्रम में किया।
IDBI बैंक की जशपुर शाखा द्वारा संचालित इस पहल के अंतर्गत जशपुर, बगीचा, दुलदुला, तपकरा, लोधमा, कुनकुरी और पत्थलगांव सहित जिले के आठ प्रमुख सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालयों को स्मार्ट क्लास सुविधा से जोड़ा गया है। इन अत्याधुनिक डिजिटल पैनलों के माध्यम से विद्यार्थियों को तकनीक आधारित, गुणवत्तापूर्ण और इंटरैक्टिव शिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उनकी सीखने की क्षमता, विषयों की समझ और पढ़ाई में रुचि बढ़ेगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल शिक्षा गुणवत्तापूर्ण शिक्षण का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुकी है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट क्लास जैसी आधुनिक सुविधाएं विद्यार्थियों को नवीन शैक्षणिक संसाधनों से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए भी तैयार करेंगी। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में IDBI बैंक की इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के प्रति बैंक की सकारात्मक और प्रेरणादायक जिम्मेदारी बताया।
IDBI बैंक के प्रतिनिधियों ने बताया कि CSR के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक विकास जैसे क्षेत्रों में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। जशपुर जिले के विद्यालयों में स्मार्ट क्लास की स्थापना भी इसी उद्देश्य का हिस्सा है, ताकि ग्रामीण और अर्धशहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा सुविधाओं का लाभ मिल सके।
इस अवसर पर IDBI बैंक, जशपुर शाखा के शाखा प्रबंधक श्री ऋषिकेश महतो, श्री रामनिवास अग्रवाल, सरस्वती शिशु मंदिर के प्राचार्य श्री संजय यादव, बैंक के श्री राहुल गुप्ता, कलेक्टर कार्यालय से श्री अभिषेक दुबे सहित विद्यालय परिवार, अभिभावक एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

यह पहल जिले में डिजिटल शिक्षा को नई दिशा देने के साथ-साथ विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
