NMEO योजना से किसान बेसाहू राम की खेती को मिली नई दिशा, उन्नत मूंगफली बीज से बढ़ी बेहतर उत्पादन की उम्मीद

सरगुजा के किसान बेसाहू राम अपने खेत में NMEO योजना के तहत उगाई गई मूंगफली की फसल का निरीक्षण करते हुए।

सरगुजा, 4 अगस्त 2026। किसानों की आय बढ़ाने तथा तिलहनी फसलों के उत्पादन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा संचालित राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन-ऑयल पाम एवं तिलहन (NMEO) योजना किसानों के लिए लाभकारी साबित हो रही है। योजना के तहत किसानों को उन्नत बीज, आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी और नियमित तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उत्पादन और आय दोनों में वृद्धि की संभावनाएं बढ़ रही हैं।

सरगुजा जिले के ग्राम ईरगवां निवासी किसान बेसाहू राम ने कृषि विभाग से संपर्क कर NMEO योजना का लाभ लिया। विभाग द्वारा उन्हें 40 किलोग्राम उन्नत किस्म का मूंगफली बीज निःशुल्क उपलब्ध कराया गया, जिसे उन्होंने अपनी एक एकड़ कृषि भूमि में बोया है।

किसान बेसाहू राम ने बताया कि ग्राम कृषि विस्तार अधिकारी के मार्गदर्शन में खेत की समुचित तैयारी, वैज्ञानिक तरीके से बुवाई तथा फसल प्रबंधन किया गया। आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने से बीज का अंकुरण उत्कृष्ट हुआ है और फसल की बढ़वार भी संतोषजनक है। वर्तमान स्थिति को देखते हुए इस वर्ष मूंगफली की अच्छी पैदावार होने की पूरी संभावना है, जिससे उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि कृषि विभाग द्वारा समय पर गुणवत्तायुक्त बीज और तकनीकी सलाह उपलब्ध कराए जाने से खेती की गुणवत्ता में सुधार आया है। वैज्ञानिक पद्धति अपनाने का सीधा लाभ उत्पादन पर दिखाई दे रहा है, जिससे किसानों का आत्मविश्वास भी बढ़ा है।

कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन-ऑयल पाम एवं तिलहन (NMEO) योजना के माध्यम से किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज, आधुनिक कृषि तकनीक और नियमित तकनीकी परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे तिलहनी फसलों के उत्पादन में वृद्धि के साथ किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में सकारात्मक परिणाम मिल रहे हैं।

विभाग ने जिले के किसानों से शासन की कृषि हितैषी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने तथा वैज्ञानिक एवं आधुनिक पद्धति से खेती अपनाने की अपील की है, ताकि कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त कर अपनी आर्थिक स्थिति को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *