जशपुरनगर: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के ‘विकसित भारत युवा नेता संवाद’ पहल के तहत ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) जशपुर द्वारा जिला स्तरीय ‘विकसित भारत युवा संसद 2027’ का भव्य आयोजन किया गया। शासकीय रा.भ.रा. एन.ई.एस. स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जशपुर के परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य विषय “एक राष्ट्र, एक चुनाव” रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत द्वारा किया गया। उन्होंने युवाओं की ऊर्जा की सराहना करते हुए उन्हें लोकतांत्रिक व्यवस्था को गहराई से समझने और देश के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
लोकतांत्रिक सुधारों पर युवाओं का प्रखर मंथन प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों को विषय पर अपने विचार रखने के लिए 3 मिनट का समय दिया गया। युवाओं ने लोकतांत्रिक व्यवस्था, चुनावी प्रक्रियाओं में लगने वाले संसाधन व समय तथा “एक राष्ट्र, एक चुनाव” लागू होने से शासन, प्रशासन और अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले दूरगामी प्रभावों पर प्रभावशाली और तर्कसंगत विचार प्रस्तुत किए।
शीर्ष तीन प्रतिभागी राज्य स्तर के लिए चयनित कार्यक्रम के समापन व पुरस्कार वितरण सत्र में सैनिक कल्याण बोर्ड के सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल पी.के. ठाकुर एवं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अमरेन्द्र मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रतिभागियों के संवाद कौशल और तार्किक प्रस्तुतियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए युवाओं का जागरूक होना अनिवार्य है।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष तीन प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय युवा संसद के लिए किया गया है। राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को आगे राष्ट्रीय स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
‘मेरा युवा भारत’ जशपुर की यह पहल जिले के युवाओं में नेतृत्व क्षमता, वाद-विवाद कौशल, लोकतांत्रिक चेतना और राष्ट्र निर्माण के प्रति दायित्व की भावना विकसित करने में बेहद कारगर साबित हुई है।
