जशपुर में PWD सचिव मुकेश बंसल का औचक निरीक्षण: अमानक निर्माण पर उप अभियंता निलंबित, सड़कों की सुस्त रफ्तार पर जताई नाराजगी

बगीचा पॉलिटेक्निक कॉलेज भवन में गंभीर अनियमितता पर गिरी गाज; लुडेग-तपकरा, जशपुर-सन्ना और आस्ता-कुसमी मार्ग के कार्यों में तेजी लाने के दिए सख्त निर्देश

जशपुरनगर, 20 नवंबर 2026/ लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल ने शुक्रवार को जशपुर जिले के प्रवास के दौरान जशपुर और पत्थलगांव संभाग अंतर्गत चल रहे सड़क, भवन और अन्य निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। कार्यों की धीमी गति पर कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने अधिकारियों को अधूरे प्रोजेक्ट्स में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।

बगीचा पॉलिटेक्निक कॉलेज भवन के अमानक कार्य पर उप अभियंता निलंबित निरीक्षण के दौरान बगीचा में निर्माणाधीन पॉलिटेक्निक कॉलेज भवन के कार्य अमानक स्तर के पाए गए। इसे निर्माण कार्यों में गंभीर अनियमितता मानते हुए सचिव श्री बंसल ने मौके पर ही उप अभियंता श्री रमेश प्रसाद सिंह को निलंबित करने के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर प्रमुख अभियंता कार्यालय द्वारा तत्काल प्रभाव से निलंबन आदेश जारी कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय नवा रायपुर स्थित प्रमुख अभियंता कार्यालय निर्धारित किया गया है।

प्रमुख सड़क परियोजनाओं की समीक्षा, गुणवत्ता से समझौता न करने की हिदायत सचिव श्री बंसल ने जिले की तीन प्रमुख सड़क परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए निर्माण एजेंसी और विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए:

  • लुडेग-तपकरा-लवाकेरा मार्ग (SH-4): केंद्रीय सड़क निधि (CRF) के तहत इस मार्ग के 41 किलोमीटर लंबे हिस्से के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का निरीक्षण किया गया। श्री बंसल ने निर्माण एजेंसी द्वारा स्थापित प्रयोगशाला (लैब) और डामर प्लांट का भी जायजा लिया तथा निर्माण के प्रत्येक चरण में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
  • जशपुर-सन्ना मार्ग: इस मार्ग के 17.60 किलोमीटर हिस्से के सुदृढ़ीकरण कार्य की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्माण कार्य तत्काल शुरू करने और तय समय में पूरा करने को कहा। इस परियोजना के लिए विभाग द्वारा 13 करोड़ 56 लाख 88 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है।
  • आस्ता-कुसमी मार्ग: 35 करोड़ 86 लाख 99 हजार रुपये की लागत से स्वीकृत इस मार्ग के 28 किलोमीटर हिस्से के उन्नयन एवं मजबूतीकरण कार्य की समीक्षा करते हुए सचिव ने काम की रफ्तार बढ़ाकर इसे जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों को सतत पर्यवेक्षण के निर्देश श्री बंसल ने जशपुर और पत्थलगांव संभाग के अधिकारियों से क्षेत्र में संचालित अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और सभी प्रोजेक्ट्स का सतत पर्यवेक्षण करने के निर्देश दिए।

इस निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता श्री व्ही.के. भतपहरी, सरगुजा परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता श्री के.पी. संत, अंबिकापुर मंडल के अधीक्षण अभियंता श्री आर.एस. तोमर, पत्थलगांव संभाग के कार्यपालन अभियंता श्री ए.डी. बंजारा और जशपुर संभाग के कार्यपालन अभियंता श्री क्षीरसागर सेठ सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *