रायगढ़। जिले में चल रहे महत्वपूर्ण विकास व निर्माण कार्यों को गति देने और नई परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने जिला कलेक्टोरेट में निर्माण एजेंसियों, विभागीय अधिकारियों और संबंधित ठेकेदारों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि बारिश का मौसम खत्म होते ही निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए और सभी निर्धारित कार्यों को आगामी जून माह तक हर हाल में पूरा किया जाए।
अक्टूबर से पहले टेंडर प्रक्रिया पूरी करने का अल्टीमेटम
कलेक्टर ने नए निर्माण कार्यों की प्रशासनिक व तकनीकी स्वीकृति, विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) और टेंडर प्रक्रिया को अक्टूबर माह से पहले पूरा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि मानसून बीतते ही जमीनी स्तर पर काम शुरू हो सके। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि गति के साथ गुणवत्ता में किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लापरवाही या गुणवत्ताहीन कार्य की शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
हर 15 दिन में होगी समीक्षा, अफसरों को फील्ड विजिट के निर्देश
प्रोजेक्ट्स में किसी भी प्रकार की देरी को रोकने के लिए कलेक्टर ने तय किया है कि हर 15 दिन में निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही लोक निर्माण विभाग, सेतु निगम, हाउसिंग बोर्ड और नगर निगम के अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड में उतरकर सुपरविजन और मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इन प्रमुख शहरी और सड़क परियोजनाओं पर रहेगा विशेष फोकस
बैठक में जिले के प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स की बिंदुवार समीक्षा की गई:
- शहरी विकास परियोजनाएं: नगर निगम क्षेत्र में नालंदा परिसर, मरीन ड्राइव, स्टेडियम, तालाब सौंदर्यीकरण, नाला निर्माण, रिवर फ्रंट, ऑक्सीजोन और केनाल लिंक रोड।
- फोरलेन, रिंग रोड व बायपास: रायगढ़ शहर हेतु रिंग रोड/बायपास मार्ग, ढिमरापुर चौक से कोतरा थाना चौक फोरलेन, ढिमरापुर से पतरापाली फोरलेन, रायगढ़-कोतरा-नंदेली फोरलेन, रायगढ़-लोइंग-महापल्ली फोरलेन, टीवी टावर रोड से मेडिकल कॉलेज फोरलेन, उर्दना चौक से सर्किट हाउस फोरलेन, खरसिया बायपास और छाल-खरसिया मार्ग।
- शिक्षा, खेल व अधोसंरचना: प्रयास आवासीय विद्यालय भवन, ट्रांजिट हॉस्टल, नवीन संगीत महाविद्यालय, किरोड़ीमल कॉलेज में लैब व भवन निर्माण, शासकीय नवीन कॉलेज कुसमुरा, पुसौर व महापल्ली में बहुउद्देशीय इंडोर स्टेडियम।
- ब्रिज व आरओबी: खरसिया में आरओबी निर्माण तथा कयाघाट, बालसमुंद, केवड़ाबाड़ी, चांदनी चौक व गोवर्धनपुर में पुल निर्माण कार्य।
बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय सहित पीडब्ल्यूडी, हाउसिंग बोर्ड व अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और ठेकेदार उपस्थित रहे।
