छत्तीसगढ़ शासन और पैन आईआईटी के संयुक्त प्रयास से मिलेगी विश्वस्तरीय ट्रेनिंग, सिमुलेशन लैब और ई-लर्निंग थिएटर का सीएम ने लिया जायजा
जशपुरनगर, 15 नवंबर 2026/ जशपुर जिले में स्वास्थ्य शिक्षा और युवा कौशल विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की दिशा में रविवार को एक बड़ा कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने जिले के ग्राम पंचायत आरा में ‘नर्सिंग कौशल कॉलेज’ का विधिवत लोकार्पण किया। छत्तीसगढ़ शासन और पैन आईआईटी के संयुक्त उद्यम के रूप में प्रचेत फाउंडेशन द्वारा संचालित इस संस्थान में युवाओं को आधुनिक तकनीक आधारित प्रशिक्षण और रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे। लोकार्पण के पश्चात मुख्यमंत्री ने पूरे कॉलेज परिसर का भ्रमण कर शैक्षणिक और प्रशिक्षण व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
अत्याधुनिक सिमुलेशन लैब और ई-लर्निंग थिएटर का किया अवलोकन निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने कॉलेज में स्थापित विभिन्न आधुनिक प्रयोगशालाओं का अवलोकन किया। इनमें कंप्यूटर एवं फॉरेन लैंग्वेज लैब, आईसीयू सिमुलेशन लैब, बर्थिंग सिमुलेशन लैब, नियोनेटल इंटेंसिव केयर यूनिट (NICU) लैब, एनाटॉमी एंड फिजियोलॉजी लैब, ई-लर्निंग थिएटर (ELT-1, 2 एवं 3), कम्युनिटी हेल्थ नर्सिंग लैब तथा प्रैक्टिस एंड ओएससीई (OSCE) लैब शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रत्येक लैब में उपलब्ध अत्याधुनिक उपकरणों की जानकारी ली। इन विशेष सिमुलेशन लैब्स के जरिए विद्यार्थियों को नवजात शिशु देखभाल, प्रसूति और आईसीयू जैसी जटिल चिकित्सकीय परिस्थितियों में कार्य करने का वास्तविक और व्यावहारिक अनुभव मिल सकेगा।
नर्सिंग मानवता की सेवा का सबसे बड़ा माध्यम: मुख्यमंत्री श्री साय मुख्यमंत्री ने कॉलेज के नर्सिंग स्टाफ और छात्राओं से आत्मीय संवाद कर प्रशिक्षण गतिविधियों के बारे में पूछा। छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का सबसे पवित्र माध्यम है। इस क्षेत्र में संवेदनशीलता, अनुशासन और समर्पण का विशेष महत्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से पूरे मनोयोग से शिक्षा ग्रहण करने और भविष्य में मरीजों की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
जशपुर जिले में इस आधुनिक संस्थान की शुरुआत से स्थानीय युवाओं, विशेषकर ग्रामीण अंचल की युवतियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और देश-विदेश में रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
इस अवसर पर जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनि भगत, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविन्द भगत, जनपद अध्यक्ष श्री गंगाराम भगत, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, एसपी डॉ. उमेद सिंह सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, कॉलेज के शिक्षक और बड़ी संख्या में नर्सिंग छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
