किसानों को शाल ओढ़ाकर किया आत्मीय स्वागत, तौल में गड़बड़ी और भुगतान में देरी बर्दाश्त न करने की दी सख्त हिदायत
बेमेतरा, 15 नवंबर 2026/ बेमेतरा जिले में रविवार से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी महापर्व का विधिवत शुभारंभ हो गया है। कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने धान उपार्जन केंद्र मोहतरा एवं बिलई पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर खरीदी की शुरुआत की। इस अवसर पर कलेक्टर ने धान बेचने पहुंचे किसानों को शाल ओढ़ाकर उनका आत्मीय स्वागत किया और सीधे संवाद कर भरोसा दिलाया कि जिले के किसी भी किसान को उपज बेचने में कोई असुविधा नहीं होगी। कलेक्टर के निर्देश पर जिले के सभी उपार्जन केंद्रों में नोडल अधिकारियों की उपस्थिति में एक साथ खरीदी शुरू हुई, जिसे लेकर सुबह से ही किसानों में खासा उत्साह देखा गया।
पारदर्शिता और मूलभूत सुविधाओं पर कलेक्टर का सख्त रुख निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सुश्री ममगाईं ने केंद्र प्रबंधकों से खरीदी, तौल और भुगतान व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली और स्पष्ट निर्देश दिए कि पूरी प्रक्रिया में शत-प्रतिशत पारदर्शिता बरती जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि तौल में गड़बड़ी, किसानों से दुर्व्यवहार या अनावश्यक विलंब बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि धान की नमी जांच और गुणवत्ता परीक्षण किसानों के सामने ही किया जाए तथा उन्हें टोकन, तौल और भुगतान की पूरी जानकारी समय पर मिले। उन्होंने सभी केंद्रों में पीने का पानी, छाया, बैठने की व्यवस्था, शौचालय, पर्याप्त बारदाने, हमाल, तौल कांटा, रोजाना साफ-सफाई और सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा कि किसानों के भुगतान में किसी प्रकार की देरी न हो।
टोकन के अनुसार धान लाने की अपील, नोडल अधिकारियों को निगरानी के निर्देश मोहतरा और बिलई में किसानों से चर्चा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि शासन की मंशा है कि अन्नदाताओं को उनकी मेहनत का पूरा दाम सही समय और सम्मान के साथ मिले। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे भीड़ और अव्यवस्था से बचने के लिए अपने निर्धारित टोकन के अनुसार ही धान लेकर केंद्र आएं।
वहीं, नोडल अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने केंद्रों का नियमित निरीक्षण करें, किसानों की शिकायतों का तत्काल निराकरण करें और प्रतिदिन की खरीदी रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजें। इस अवसर पर संबंधित एसडीएम, तहसीलदार, खाद्य अधिकारी, सहकारी समिति के प्रबंधक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। सुचारू व्यवस्थाओं को देखकर किसानों ने खुशी जाहिर करते हुए जिला प्रशासन के प्रति विश्वास जताया है।
