- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस पर खारुन नदी तट पर आयोजित हुआ विराट दीपोत्सव
- जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’
- मुख्यमंत्री ने की खारुन मैया की महाआरती; रायपुर में कुल 32 लाख दीपों से प्रकट की गई जन-शुभकामनाएं
रायपुर (17 सितम्बर 2026):
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार की शाम राजधानी रायपुर का ऐतिहासिक महादेव घाट सवा लाख दीपों की जगमगाहट से आलोकित हो उठा। खारुन नदी के पावन तट पर आयोजित विराट दीपोत्सव एवं ‘आशीर्वाद का दीया’ महाआरती कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। उन्होंने खारुन मैया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना व आरती कर प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, सुदीर्घ और यशस्वी जीवन की मंगलकामना की।
इस दौरान साध्वी प्रज्ञा भारती एवं आचार्यों द्वारा महाआरती संपन्न कराई गई। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर साध्वी प्रज्ञा भारती द्वारा रचित एवं स्वरबद्ध, प्रधानमंत्री मोदी को समर्पित एक विशेष गीत का विमोचन भी किया।
गरीब कल्याण और ऐतिहासिक निर्णयों से बदला देश का परिदृश्य: मुख्यमंत्री साय
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र और 140 करोड़ देशवासियों की सेवा को समर्पित रहा है। उनके दृढ़ संकल्प और दूरगामी दृष्टि से देश ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को समाप्त करने से लेकर अयोध्या में प्रभु श्री रामलला के भव्य मंदिर निर्माण जैसे ऐतिहासिक निर्णय देखे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी के शासन के केंद्र में हमेशा समाज का अंतिम व्यक्ति रहा है। पक्के आवास, घर-घर शौचालय, उज्ज्वला गैस कनेक्शन, जन-धन खाते और निःशुल्क राशन जैसी योजनाओं ने करोड़ों गरीबों के जीवन में स्थायित्व और सम्मान लाया है।
केंद्रीय मंत्रिमंडल में कार्य अनुभव को किया साझा
श्री साय ने वर्ष 2014 में केंद्रीय राज्यमंत्री के रूप में प्रधानमंत्री मोदी के साथ काम करने के अपने अनुभवों को स्मरण करते हुए कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री की कार्यशैली, अनुशासन, कठोर परिश्रम और समर्पण को बेहद करीब से देखने का अवसर मिला। 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री पद से लेकर देश के प्रधानमंत्री के रूप में बीते 25 वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की अनूठी मिसाल रहे हैं।
बस्तर में शांति और विकास के नए युग का सूत्रपात
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन तथा सुरक्षा बलों के अदम्य साहस से छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता मिली है। बस्तर, जो कभी हिंसा और उपेक्षा का दंश झेल रहा था, वहां अब सड़क, बिजली, मोबाइल टावर, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंच रही हैं। अब बस्तर की प्राकृतिक संपदा और संस्कृति को स्थानीय युवाओं के रोजगार व समृद्धि से जोड़ा जा रहा है।
महीने भर चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में इस अभियान के तहत स्वच्छता, स्वास्थ्य शिविर, पोषण, पौधारोपण और जरूरतमंदों की सहायता जैसे रचनात्मक कार्य जनभागीदारी से किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि रायपुर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कुल मिलाकर लगभग 32 लाख ‘आशीर्वाद के दीये’ प्रज्वलित किए जा रहे हैं।
प्रमुख जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित
कार्यक्रम में आयोजन की संयोजक एवं राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, विधायक श्री राजेश मूणत, विधायक श्री मोतीलाल साहू, रायपुर नगर निगम की महापौर श्रीमती मीनल चौबे, श्रीमती कौशल्या साय, कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष श्री रामप्रताप सिंह, सीएसआईडीसी अध्यक्ष श्री राजीव अग्रवाल, नागरिक आपूर्ति निगम अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव, गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष श्री राजीव लोचन महाराज, महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू, बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष श्रीमती वर्णिका शर्मा, फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष श्रीमती मोना सेन, सनातन ध्वज वाहिनी के पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी एवं हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
