सेवा संकल्प अभियान: 5 लाख दीपों की रोशनी से जगमगाया जशपुर, रणजीता स्टेडियम से गूंजा सेवा और सहभागिता का संदेश

  • 1.40 लाख से अधिक स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने घरों में जलाया ‘आशीर्वाद का एक दीया’
  • महाराजा चौक, गौरव पथ और बिरसा मुंडा चौक सहित प्रमुख स्थानों पर उमड़ी व्यापक जनभागीदारी
  • 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान; रक्तदान, पौधरोपण और स्वच्छता जैसी गतिविधियों का होगा आयोजन

जशपुर / रायपुर (17 सितंबर 2026):

‘सेवा संकल्प अभियान’ के पहले दिन जशपुर जिले में ‘आशीर्वाद का एक दीया’ कार्यक्रम के तहत ऐतिहासिक दीपोत्सव का आयोजन हुआ। गुरुवार शाम 7 बजे जिलेभर में 5 लाख दीप प्रज्वलित करने के लक्ष्य के साथ शुरू हुए इस कार्यक्रम ने शहर से लेकर सुदूर गांवों तक सेवा, जनसहभागिता और सामूहिक संकल्प की अलख जगाई।

जिला मुख्यालय स्थित रणजीता स्टेडियम सहित शहर के प्रमुख चौक-चौराहे दीपों की जगमगाहट से आलोकित हो उठे। रणजीता स्टेडियम, गौरव पथ, महाराजा चौक, दिलीप सिंह जूदेव प्रतिमा चौक और भगवान बिरसा मुंडा चौक पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और आम नागरिकों ने एक साथ दीप प्रज्वलित कर अभियान की शुरुआत की।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, कलेक्टर श्री रोहित व्यास सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

1.40 लाख से अधिक समूह की महिलाओं ने घरों में जलाए दीप

अभियान की सबसे सशक्त तस्वीर ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाओं की भागीदारी से सामने आई। जिले के 12 हजार से अधिक सक्रिय स्व-सहायता समूहों की लगभग 1 लाख 40 हजार महिला सदस्यों ने अपने-अपने घरों में ‘आशीर्वाद का एक दीया’ प्रज्वलित किया। कृषि सखी, पशु सखी और मुद्रा लोन के जरिए स्वावलंबी बनीं महिलाओं की इस सहभागिता ने कार्यक्रम को एक जनांदोलन का रूप दे दिया।

पंचायतों और विकासखंडों तक दिखा उत्साह

‘आशीर्वाद का एक दीया’ का उल्लास केवल जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं रहा। जिले के सभी विकासखंडों, नगरीय निकायों और सुदूर ग्राम पंचायतों में भी ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक दीप जलाए। सार्वजनिक भवनों, प्रमुख चौराहों और घरों की चौखटों पर जले दीपकों ने पूरे जिले को उत्सवमय बना दिया।

महीने भर चलेंगी रचनात्मक और जनकल्याणकारी गतिविधियां

कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान सार्वजनिक सेवा के प्रति आभार व्यक्त करने और ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को जनभागीदारी से धरातल पर उतारने का मंच है। जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक महीने भर विभिन्न सामाजिक और रचनात्मक गतिविधियां संचालित की जाएंगी।

इसके तहत स्कूली बच्चों के लिए चित्रकला, भाषण व रंगोली प्रतियोगिताएं, पौधरोपण महाभियान, स्वच्छता पखवाड़ा, जिला स्तरीय प्रदर्शनी, सफलता की कहानियों का प्रचार-प्रसार, सड़क सुरक्षा सप्ताह, बाइक रैली, रक्तदान शिविर, नशामुक्ति अभियान और मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *