सेवा सेतु केंद्र से आसान हुई सरकारी सेवाएं: रामशरण को एक ही छत के नीचे मिले आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र

रायपुर/पाटन:

आम नागरिकों तक शासकीय सेवाओं को सरल, पारदर्शी और त्वरित रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू किए गए ‘सेवा सेतु केंद्र’ अब ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत साबित हो रहे हैं। इन केंद्रों के संचालन से लोगों को जरूरी दस्तावेजों और प्रमाणपत्रों के लिए अलग-अलग सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने से मुक्ति मिल रही है।

इसका एक प्रत्यक्ष उदाहरण दुर्ग जिले की पाटन तहसील स्थित ग्राम खोरपा निवासी रामशरण यादव के मामले में देखने को मिला, जिन्हें एक ही केंद्र से आय, जाति और निवास के तीनों महत्वपूर्ण प्रमाण पत्र आसानी से प्राप्त हो गए।

एक ही आवेदन से समय और श्रम की बचत

रामशरण यादव ने 03 सितंबर को पाटन तहसील कार्यालय परिसर स्थित सेवा सेतु केंद्र पहुंचकर तीनों प्रमाणपत्रों के लिए आवेदन किया था। विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद 10 अक्टूबर को उन्हें तीनों प्रमाण पत्र एक साथ सौंप दिए गए।

सुविधा मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए रामशरण ने बताया कि पहले ऐसे दस्तावेजों के लिए कई दफ्तरों की दौड़ लगानी पड़ती थी, जिससे समय और धन दोनों का नुकसान होता था। सेवा सेतु केंद्र की ‘सिंगल विंडो’ व्यवस्था से ग्रामीणों को घर के पास ही पारदर्शी ढंग से सेवाएं मिल रही हैं।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, सेवा सेतु केंद्रों का मुख्य उद्देश्य डिजिटल और सुगम व्यवस्था के जरिए सरकारी सेवाओं को आमजन के सीधे संपर्क में लाना है। आवेदन प्रक्रिया के सरलीकरण से दस्तावेजों की समयबद्ध डिलीवरी सुनिश्चित हो रही है, जिससे ग्रामीण इलाकों के नागरिकों को सीधे तौर पर लाभ पहुंच रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *