छठ तालाब का होगा भव्य कायाकल्प, मल्टीपर्पस हॉल सहित पाथ-वे, प्ले ग्राउंड और योगा जैसी आधुनिक सुविधाएं होंगी विकसित
कुनकुरी/जशपुरनगर, 16 नवंबर 2026/ लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने नगर पंचायत कुनकुरी के निवासियों को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री ने सोमवार को कुनकुरी में लगभग 15 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया। इन परियोजनाओं के तहत नगर में मल्टीपर्पस हॉल व सांस्कृतिक भवन के निर्माण के साथ-साथ छठ तालाब का व्यापक विकास और कायाकल्प (रिज्युविनेशन) किया जाएगा।
छठ घाट बनेगा आकर्षक सार्वजनिक स्थल, मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं भूमिपूजन के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि इन विकास कार्यों के पूरा होने से कुनकुरी के नगरवासियों को बेहतर बुनियादी और सामुदायिक सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने बताया कि छठ घाट का सौंदर्यीकरण कर इसे श्रद्धालुओं और आम नागरिकों के लिए अत्यंत आकर्षक व सुविधाजनक बनाया जाएगा। परिसर में टहलने के लिए पाथ-वे, बच्चों के लिए प्ले ग्राउंड और योगा की सुविधा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी, जिससे शहरवासियों को एक बेहतरीन सार्वजनिक स्थल उपलब्ध होगा।
जानिए किस कार्य पर कितनी राशि होगी खर्च नगर पंचायत कुनकुरी में स्वीकृत तीनों प्रमुख विकास कार्यों का विवरण इस प्रकार है:
- छठ तालाब रिज्युविनेशन कार्य: तालाब के संरक्षण और कायाकल्प के लिए 689.61 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे श्रद्धालुओं और नागरिकों को स्वच्छ एवं बेहतर जल संरचना का लाभ मिलेगा।
- छठ तालाब विकास कार्य: घाट सौंदर्यीकरण, पाथ-वे, प्ले ग्राउंड और योगा जोन जैसी सुविधाओं के निर्माण पर 517.02 लाख रुपये की राशि व्यय की जाएगी।
- मल्टीपर्पस हॉल एवं सांस्कृतिक भवन: नगर पंचायत कुनकुरी के वार्ड क्रमांक 01 में 365.03 लाख रुपये की लागत से आधुनिक भवन बनाया जाएगा। इससे स्थानीय लोगों को सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक आयोजनों के लिए एक सर्वसुविधायुक्त स्थान मिल सकेगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह भरत सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।
