जगदलपुर:
जनजातीय गौरव सप्ताह के उपलक्ष्य में आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के निर्देशानुसार बस्तर जिले में ‘जनजातीय गौरव ज्ञान प्रतियोगिता’ का आयोजन किया गया। प्रयास आवासीय विद्यालय, जगदलपुर में आयोजित इस ज्ञान प्रतियोगिता में स्कूली और महाविद्यालयीन स्तर के छात्र-छात्राओं ने जनजातीय संस्कृति, इतिहास और सामान्य ज्ञान पर आधारित सवालों में उत्कृष्ट बौद्धिक क्षमता का परिचय दिया।
प्रतियोगिता दो श्रेणियों—स्कूली (कक्षा 9वीं से 12वीं) और महाविद्यालयीन/पोस्ट मैट्रिक छात्रावास वर्ग में आयोजित की गई थी।
स्कूली वर्ग: प्रयास विद्यालय की छात्राओं का दबदबा
कक्षा 9वीं से 12वीं के वर्ग में प्रयास आवासीय विद्यालय जगदलपुर का प्रदर्शन अव्वल रहा:
- प्रथम स्थान: कु. उत्पला (94 अंक) – प्रयास आवासीय विद्यालय, जगदलपुर
- द्वितीय स्थान: कु. निहारिका (68 अंक) – प्रयास आवासीय विद्यालय, जगदलपुर
- तृतीय स्थान: संदीप नाग (66 अंक) – एकलव्य आवासीय विद्यालय, छिन्दवाड़ा (दरभा)
कॉलेज वर्ग: धरमपुरा कन्या छात्रावास की मेधावियों ने लहराया परचम
महाविद्यालयीन एवं पोस्ट मैट्रिक छात्रावास वर्ग में धरमपुरा स्थित पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास की छात्राओं ने शीर्ष तीनों स्थानों पर कब्जा जमाया:
- प्रथम स्थान: रिंकी नेताम (297 अंक) – एम.ए. प्रथम सेमेस्टर
- द्वितीय स्थान: तुलसी देवी नेताम (284 अंक) – बी.ए. षष्ठम सेमेस्टर
- तृतीय स्थान: फुलेश्वरी बघेल (224 अंक) – पीजीडीसीए प्रथम सेमेस्टर
समापन अवसर पर सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्री जी.आर. सोरी ने सभी विजेता और सहभागी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली जनजातीय संस्कृति और इतिहास से जुड़ने के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी मदद मिलती है।
