दो लाख रुपए की सहायता से साकार हुआ पक्के घर का सपना, टपकती छत और सीलन की परेशानियों से मिली हमेशा के लिए मुक्ति
बिलासपुर, 15 नवंबर 2026/ कभी बरसात में टपकती छत, सीलन भरी दीवारें और जर्जर मकान में रहने की मजबूरी थी। हर बारिश अपने साथ नई चिंता लेकर आती थी, लेकिन अब इन परेशानियों की जगह सुकून और खुशियों ने ले ली है। प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) के अंतर्गत संचालित आवास योजना ने विशेष पिछड़ी जनजाति (PVTG) बैगा समुदाय की श्रीमती झंगली बाई बैगा के जीवन में खुशियों की नई सुबह ला दी है। वर्षों से पक्के मकान का सपना संजोए झंगली बाई आज अपने परिवार के साथ सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी रही हैं।
जर्जर कच्चे मकान में बीतता था जीवन जनपद पंचायत कोटा के ग्राम पंचायत दारसागर निवासी श्रीमती झंगली बाई बैगा और उनके पति श्री महेतर बैगा पहले एक कच्चे और जर्जर मकान में जीवनयापन करने को मजबूर थे। सीमित आर्थिक संसाधनों के कारण पक्का घर बनवाना उनके लिए एक अधूरा सपना था। बरसात के दिनों में छत से पानी टपकने और दीवारों में सीलन आने से पूरे परिवार को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
पीएम जनमन योजना से मिली दो लाख रुपए की सहायता विशेष पिछड़ी जनजातियों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित ‘पीएम जनमन आवास योजना’ झंगली बाई के परिवार के लिए वरदान साबित हुई। वित्तीय वर्ष 2024-25 में उनका नाम पात्र हितग्राहियों की सूची में शामिल किया गया और आवास निर्माण के लिए दो लाख रुपए की सहायता राशि स्वीकृत हुई। ग्राम पंचायत दारसागर के अधिकारियों और तकनीकी सहायकों के मार्गदर्शन में नींव से लेकर ईंट की दीवारों, लिंटर और मजबूत आरसीसी छत की ढलाई तक का निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया गया।
सुरक्षित घर के साथ मिला सामाजिक सम्मान और आत्मविश्वास आज उनका सुंदर और पक्का मकान बनकर तैयार है। यह आवास केवल ईंट और सीमेंट का ढांचा नहीं, बल्कि वर्षों के संघर्ष के बाद मिली बड़ी राहत है। नए घर ने उनके परिवार को मौसम की मार से बचाने के साथ-साथ समाज में सम्मान और नया आत्मविश्वास भी दिया है।
अपनी खुशी साझा करते हुए श्रीमती झंगली बाई बैगा ने कहा, “पहले कच्चे घर में बरसात और ठंड के मौसम में बहुत परेशानी होती थी। पीएम जनमन योजना से मिली सहायता राशि से आज हमारा अपना पक्का घर बन गया है। अब हम पूरे परिवार के साथ सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी रहे हैं। इसके लिए हम शासन और प्रशासन के हृदय से आभारी हैं।”
